बड़कागांव एवं केरेडारी प्रखंड में लगातार बिजली की समस्या को लेकर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ,सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने गंभीर नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत अधीक्षण अभियंता अशोक उपाध्याय से मुलाकात कर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को लेकर चर्चा की और उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों से अवगत कराया।
विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि बड़कागांव और केरेडारी प्रखंड के विभिन्न गांवों में बिजली की अनियमित आपूर्ति, बार-बार बिजली कटौती तथा तकनीकी समस्याओं के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली पर निर्भर व्यवसाय, छोटे उद्योग, किसान और विद्यार्थियों समेत आम उपभोक्ता भी प्रभावित हो रहे हैं। इस दौरान विधायक रोशन लाल चौधरी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा तकनीकी खराबियों का त्वरित समाधान किया जाए। साथ ही उन्होंने बड़कागांव में बना रहे नए पावर ग्रिड को तेजी से बनाने का निर्देश दिया।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि बड़कागांव एवं केरेडारी प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर विद्युत उपकरण एवं अन्य तकनीकी समस्याओं का समय पर समाधान करने पर भी जोर दिया। मुलाकात के दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की लगातार निगरानी करने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र निपटारा करने को कहा। अधिकारियों ने भी बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे
