बड़कागांव संवाददाता कुलदीप कुमार
बड़कागांव। हजारीबाग उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग की ओर से बड़कागांव प्रखंड मुख्यालय सभागार में मोटर वाहन ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें लगभग 50 लोगों ने आवश्यक दस्तावेज जमा कर ड्राइविंग लाइसेंस के लिए पंजीकरण कराया। विदित हो कि प्रखंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग बिना वैध लाइसेंस के वाहन चला रहे हैं, जो यातायात नियमों के तहत गैरकानूनी है। इसी को ध्यान में रखते हुए आमजन की सुविधा के लिए इस शिविर की रूपरेखा तैयार की गई थी। शिविर में जिला परिवहन विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने कार्य का संचालन किया। शिविर के दौरान कागजात ऑनलाइन अपलोड करने के क्रम में सर्वर बार-बार फेल होने से लोगों को काफी फजीहत झेलनी पड़ी। साथ ही, शिविर की पूर्व सूचना समय पर नहीं मिलने के कारण भी आवेदकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसके अलावा निर्धारित 500 रुपये के बाद 25 रुपये का चालान रसीद नहीं कट पाने के चलते कई आवेदकों के फॉर्म स्वीकार नहीं किए गए। प्रक्रिया पूरी न होने से दूर-दराज से पहुंचे कई लोग बिना आवेदन जमा किए ही मायूस होकर वापस लौट गए। लोगों ने मांग की कि भविष्य में ऐसे शिविरों की जानकारी अखबारों के माध्यम से पहले दी जाए और तकनीकी बाधाओं को दुरुस्त रखा जाए ताकि आम जनता को इसका पूरा लाभ मिल सके।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे