बड़कागांव संवाददाता कुलदीप कुमार
उपायुक्त हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को बड़कागांव क्षेत्र में संचालित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों व ठेलों पर सघन जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान गुपचुप, गोलगप्पे एवं अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट के लिए रखा गया प्रतिबंधित व हानिकारक ‘मेटानिल येलो’ रंग बरामद हुआ, जिसे टीम ने तत्काल मौके पर ही नष्ट करवा दिया। कई दुकानों और ठेलों की हुई जांच के अभियान के तहत दिल्ली दरबार, अशोक पासवान, विजय स्वीट्स (सोहन कुमार), एमएस फास्ट फूड, दीपक बेकरी, अमित फास्ट फूड, आरके स्वीट्स तथा संजय मिष्ठान भंडार सहित स्थानीय हाई स्कूल के आसपास संचालित दुकानों व ठेलों की जांच की गई। अधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त चेतावनी दी कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरा पालन करें और किसी भी प्रकार के हानिकारक रसायन या प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल कतई न करें। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बाहर गुपचुप या अन्य खाद्य सामग्री का सेवन करते समय गुणवत्ता के प्रति पूरी तरह सतर्क रहें। प्रतिबंधित सिंथेटिक रंगों का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की संदिग्ध खाद्य सामग्री से बचने की अपील की है । निरीक्षण के दौरान कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी हजारीबाग अम्ब्रीश पांडे, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी हजारीबाग श्वेता त्रिपाठी, विकास शर्मा एवं धनेश्वर कुशवाहा शामिल थे।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे
