अवैध हथियार, गोलियां व सात मोबाइल बरामद
चरही (हजारीबाग)। हजारीबाग पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पाण्डेय गिरोह से जुड़े कुल 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 17 दिसंबर 2025 की रात करीब 12:10 बजे की गई। जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चरही–बादम सड़क के पास ग्राम इंद्रा के जंगल में कुछ अपराधी हथियारों के साथ बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ वैद्यनाथ प्रसाद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने चरही थाना क्षेत्र के इंद्रा जंगल में छापेमारी की, जहां पुलिस को देखकर अपराधी भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आलोक राज और लक्ष्मण पासवान के पास से एक-एक देशी हथियार लोडेड अवस्था में बरामद किया गया, जबकि अन्य आरोपियों के पास से मोबाइल फोन मिले। पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि वे पाण्डेय गिरोह के लिए काम करते हैं और गिरोह के सक्रिय सदस्य ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश साव के निर्देश पर बड़कागांव, केरेडारी, पगार, गिद्दी और पतरातु क्षेत्रों में रंगदारी वसूली के लिए धमकी देते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में कई संगीन मामलों में जेल जा चुके हैं। छापेमारी के दौरान एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, कुल चार जिंदा गोलियां और सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में आलोक राज 20 वर्ष पिता गुरुदयाल ठाकुर, बड़कागांव ठाकुर मोहल्ला, वर्तमान जयनगर कॉलोनी, जिला रामगढ़, सूरज सिंह 24 वर्ष, पिता स्व. महेंद्र सिंह, वासरी कॉलोनी, गिद्दी सी निवासी, लक्ष्मण पासवान उर्फ राधे 29 वर्ष,पिता – अरुण पासवान, सुलमी हजारीबाग, सौरभ कुमार उर्फ आकाश पाण्डे 25 वर्ष, पिता संजय पाण्डेय, डेमोटांड, हजारीबाग, राहुल कुमार उर्फ मोनू 27 वर्ष, पिता – स्व. राजू राय मंडल, सुंदरपुर, हजारीबाग, विजय कुमार 26 वर्ष, पिता नारायण प्रजापति, पतरा खुर्द, केरेडारी, पप्पु पाण्डे उर्फ बब्लु पाण्डे उर्फ रितेश पाण्डे,30 वर्ष, पिता – स्व. सरोज पाण्डे, रामनगर चौक, हजारीबाग शामिल हैं।पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। इस सफलता को जिले में संगठित अपराध पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








