प्रतापपुर में बंद घर का ताला तोड़ चोरों ने उड़ाए 10 लाख के जेवरात, मय्यत में गया था पुरा परिवार

पुलिस की तफ्तीश:थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी बोले— हर पहलू की हो रही है जांच, जल्द पकड़े जाएंगे अपराधी

प्रकाश कुमार / प्रतापपुर (चतरा)

प्रतापपुर। चतरा जिले के प्रतापपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत भरही पंचायत के जाफरडीह गांव में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। घटना बीते गुरुवार की रात की है, जब चोरों ने बबन खान (पिता हसीब खान) के सुनसान घर को निशाना बनाते हुए करीब लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था। पीड़ित तस्बीह फातमा ने बताया कि पूरा परिवार एक पड़ोसी की ‘मरनी’ (मय्यत) में शामिल होने पड़ोसी राज्य बिहार के कोठी गया हुआ था। घर की रखवाली की जिम्मेदारी देवर रागिब पर थी, लेकिन रागिब भी रात में घर को अकेला छोड़कर अपने दूसरे घर भरही चला गया। घर को सुनसान पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर रखी मेहनत की कमाई और जेवरात समेट कर फरार हो गए।शुक्रवार सुबह जब रागिब वापस घर पहुँचा, तो ताला टूटा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के अंदर अलमारियां खुली थीं और सामान बिखरा पड़ा था। आनन-फानन में इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और परिजनों को दी गई। प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुँचकर साक्ष्य जुटा रही है। उन्होंने कहा कि मामला संदिग्ध भी हो सकता है और पेशेवर चोरों का भी, इसलिए हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी चर्चा है कि क्या चोरों को पहले से पता था कि परिवार बाहर गया है और रखवाली करने वाला व्यक्ति भी घर छोड़ चुका है।

news24jharkhandbihar
Author: news24jharkhandbihar

सबसे तेज, सबसे आगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *