बिना एनओसी के कट रहा था पेड़ विशाल पीपल का डाढ़ तार पर गिरने से हुआ हादसा; घायल मां शेरघाटी में भर्ती
प्रकाश कुमार प्रतापपुर (चतरा)
प्रतापपुर। चतरा के प्रतापपुर में विकास की सड़क मासूम के खून से रंग गई है। टंडवा पंचायत के अस्नाही गांव में शनिवार शाम सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार की घोर लापरवाही ने एक परिवार को उजाड़ दिया। बरातपुर मोड़ से गजवा तक बन रही सड़क पर बिहार (इमामगंज) के ठेकेदार जितेंद्र सिंह द्वारा विशाल पीपल का पेड़ कटवाया जा रहा था। पेड़ का भारी डाढ़ बिजली के तारों पर गिरा, जिससे करीब 50 कदम दूर स्थित पोल उखड़कर सीधे रिंकू देवी और उनके 3 वर्षीय पुत्र पर गिर गया। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां के दोनों पैर टूट गए हैं। अब सवाल यह है कि क्या बिना वन विभाग के एनओसी के पेड़ काटा जा रहा था? इधर, प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी दलबल के साथ गांव में डटे हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक ग्रामीण पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं होते और लिखित आवेदन नहीं मिलता, तब तक दोषियों पर कानूनी कार्रवाई और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस परिजनों को समझाने और मामले की जांच में जुटी है।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे





