उरीमारी थाना क्षेत्र में राहुल दुबे गैंग की फायरिंग साजिश नाकाम, दो गिरफ्तार

हजारीबाग। हजारीबाग पुलिस ने उरीमारी कोलियरी क्षेत्र में दहशत फैलाने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य और एक महिला सहयोगी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस कार्बाइन, पिस्टल, गोलियां और AK-47 जैसे घातक हथियारों की मैग्जीन बरामद की गई है।

घटना 18 जनवरी 2026 की है। उरीमारी स्थित एक कोलियरी कंपनी द्वारा रंगदारी (extortion) नहीं देने पर राहुल दुबे गैंग ने वहां गोलीबारी कर दहशत फैलाने की योजना बनाई थी। गैंग सरगना राहुल दुबे और आशीष साव के निर्देश पर अपराधी मोटरसाइकिल से उरीमारी पहुंचकर रेकी कर रहे थे और घटना को अंजाम देने के लिए शाम होने का इंतजार कर रहे थे। जिसकी सूचना हजारीबाग पुलिस अधीक्षक (SP) को गुप्त रूप से मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के लोग हथियार के साथ किसी बड़ी घटना की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद SIT टीम का गठन किया गया और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान रिलैक्स होटल के पास से गिरोह के सदस्य राजदीप साव (पिता: रामेश्वर साव, सा०: चमातु, बालुमाथ) को गिरफ्तार किया गया।

राजदीप की निशानदेही पर पुलिस ने केरेडारी थाना क्षेत्र के हेन्देगीर गांव में अनीता मुंडा के घर पर छापेमारी की। पुलिस को देख वहां से एक युवती ने भागने का प्रयास किया, जिसे महिला चौकीदार ने पकड़ लिया। पकड़ी गई युवती का नाम मुनिका कुमारी (20 वर्ष, पिता कार्तिक मुंडा) है।

पुलिस ने इन दोनों के पास और घर की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं: 01 पुलिस कार्बाइन (लोडेड), 02 देसी पिस्टल और 05 जिंदा गोली, 04 पीस AK-47 राइफल की मैग्जीन, 05 पीस SLR राइफल की मैग्जीन, 01 मोटरसाइकिल (JH19D 7532) और 06 मोबाइल फोन बरामद किया गया हैं।

इस संबंध में बड़कागांव (उरीमारी ओ०पी०) में कांड संख्या 09/26 दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में बड़कागांव SDPO श्री पवन कुमार, पुलिस निरीक्षक ललित कुमार, गिद्दी थाना प्रभारी राणा भानु प्रताप सिंह और केरेडारी थाना प्रभारी विवेक कुमार समेत अन्य बल शामिल थे।

news24jharkhandbihar
Author: news24jharkhandbihar

सबसे तेज, सबसे आगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *