बघलतवा की जर्जर सड़क पर टला बड़ा हादसा, कुंज बिहारी साव बाल-बाल बचे

बड़कागांव संवाददाता कुलदीप कुमार

उरीमारी से बड़कागांव लौटने के दौरान रविवार को बघलतवा जंगल स्थित जर्जर सड़क पर एक बड़ा हादसा टल गया। हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कुंज बिहारी साव अपनी पत्नी के साथ रांची से लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से पर दो वाहन आमने-सामने आ जाने से दुर्घटना की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों की सतर्कता और वाहन चालकों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। घटना में कुंज बिहारी साव सुरक्षित रहे, जबकि उनकी पत्नी को हल्की चोटें आईं।ग्रामीणों ने बताया कि बघलतवा जंगल की सड़क लंबे समय से जर्जर है। सड़क का एक हिस्सा धंसकर टूट चुका है, जिससे वाहनों का आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। इस मार्ग पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। कई बार जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से सड़क की मरम्मत की मांग उठाई गई, लेकिन अब तक प्रशासन और संबंधित एजेंसी की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई।घटना के बाद कुंज बिहारी साव ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से बघलतवा जंगल की जर्जर सड़क का शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

news24jharkhandbihar
Author: news24jharkhandbihar

सबसे तेज, सबसे आगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *