प्रकाश कुमार/ प्रतापपुर चतरा।
प्रतापपुर थाना क्षेत्र के जोरी प्रतापपुर मुख्य मार्ग स्थित सिजुआ-केवलिया मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार दोपहर की हैं। ऑटो और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक अशोक साव (38 वर्षीय, (बोड़ा मोड़ निवासी) अपने ऑटो में सब्जी लेकर साप्ताहिक बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक- अनिल कुमार दास (24 वर्षीय, कौरा जुडी निवासी) और अमित कुमार (22 वर्षीय, अदौरिया निवासी)- जोरी बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। जब उनकी टक्कर अशोक के ऑटो से हो गई। ऑटो में सवार एक अन्य युवक टटू कुमार भी हादसे में घायल हुए हैं। इस भीषण टक्कर में सभी चारों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। खासकर, बाइक सवार अनिल और अमित के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना प्रभारी कासिम अंसारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से प्रतापपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ उनका इलाज किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चतरा रेफर किया गया है।
पुलिस ने जताई चिंता, हेलमेट की कमी बनी वजह
हादसे की खबर सुनकर घायलों के परिजन और स्थानीय मुखिया मनीष सिंह भी अस्पताल पहुँच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना पर चिंता जताते हुए थाना प्रभारी कासिम अंसारी ने कहा कि पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट जाँच अभियान चला रही है, लेकिन लोग नियमों का पालन नहीं करते। उन्होंने कहा कि हेलमेट नहीं पहनने के कारण ही ज्यादातर दुर्घटनाओं में लोगों को सिर में गंभीर चोटें आती हैं, जो जानलेवा भी हो सकती हैं। यह घटना एक बार फिर सड़क पर सावधानी बरतने और नियमों का पालन करने की आवश्यकता पर जोर देती है।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








