एनटीपीसी प्रशिक्षण केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन

अनुज कुमार
बड़कागांव। बड़कागांव एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोल माइनिंग परियोजना के अंतर्गत संचालित माइनिंग एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट, ढेंगा बड़कागांव में 10 मई 2025, शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर एनटीपीसी कोयला खानदान परियोजना के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रधान की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों एवं संस्थान के शिक्षकों को रक्तदान के महत्व के बारे में बताया और उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित किया। डॉ. प्रधान ने कहा कि “रक्तदान एक महान कार्य है, जिससे हम कई ज़िंदगियों को बचा सकते हैं। युवाओं में इस प्रकार की जागरूकता से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।”
इस शिविर में एनटीपीसी प्रशिक्षण संस्थान के 13 शिक्षक एवं कर्मचारी रक्तदाता के रूप में आगे आए, जिनमें 12 पुरुष और 1 महिला ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। जो क्रमशः संस्थान के प्राचार्य मिथिलेश उपाध्याय ,मुकेश कुमार ,संजीत मेहता ,श्रीनाथ,शिवलाल महतो, विकास कुमार चौरसिया, सुनील सिंह ,मोहम्मद शाहिद अख्तर, चंदन कुमार, नूतन कुमारी, रोशन कुमार ,विकास कुमार तिवारी अजय कुमार पासवान हैं।
रक्त संग्रह की पूरी प्रक्रिया जिला सदर अस्पताल, हज़ारीबाग के ब्लड बैंक टीम के द्वारा की गई, जो डॉ. नीरज, ब्लड बैंक इंचार्ज के नेतृत्व में कार्यरत रही। उन्होंने शिविर में सभी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था का निरीक्षण किया और सुनिश्चित किया कि रक्त संग्रह पूर्णतः सुरक्षित एवं स्वच्छ माहौल में हो।
इस रक्तदान शिविर ने संस्थान के कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं के बीच सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और अधिक प्रबल किया।

news24jharkhandbihar
Author: news24jharkhandbihar

सबसे तेज, सबसे आगे

Comments are closed.

error: Content is protected !!