बड़कागांव महाकाल युवा क्लब ने इमली चौक  तालाब परिसर में शराबखोरी पर रोक लगाने की मांग उठाई

संवाददाता कुलदीप कुमार 

बड़कागांव। गुरु चट्टी स्थित इमली चौक के समीप पानी टंकी और तालाब परिसर में खुलेआम शराब पिलाए जाने तथा शराब की बोतलें फोड़कर फेंके जाने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। महाकाल युवा क्लब के सदस्यों ने बैठक की है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में सदस्यों ने

बताया कि क्लब द्वारा प्रत्येक वर्ष इसी स्थल पर श्रद्धा और भक्ति के साथ सरस्वती पूजा का आयोजन किया जाता है। पूजा के बाद प्रतिमा का विसर्जन भी इसी तालाब में किया जाता है। इसके अलावा दुर्गा पूजा की प्रतिमा का विसर्जन भी इसी तालाब में होता है।

क्लब के सदस्यों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से तालाब के आसपास कुछ दुकानदार टेबल-कुर्सी लगाकर लोगों को शराब पिला रहे हैं। शराब पीने के बाद खाली बोतलों को तालाब की सीढ़ियों और आसपास तोड़कर फेंक दिया जाता है, जिससे पूरे परिसर में गंदगी फैल रही है और श्रद्धालुओं तथा आम लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सदस्यों ने यह भी बताया कि तालाब के पास स्थित नीम के पेड़ के नीचे वर्षों से पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, लेकिन अब उसी स्थान पर भी शराब की बोतलें और अन्य गंदगी पड़ी रहती है। इसके अलावा दुकानों के कारण तालाब की ओर जाने वाला रास्ता भी काफी हद तक बाधित हो गया है, जिससे धार्मिक आयोजनों और प्रतिमा विसर्जन के दौरान कठिनाइयाँ उत्पन्न होती हैं।

महाकाल युवा क्लब ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक स्थल और तालाब परिसर में शराब पिलाने एवं शराबखोरी पर तत्काल रोक लगाई जाए, अवैध अतिक्रमण हटाया जाए तथा पूरे परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि धार्मिक आस्था, सामाजिक मर्यादा और सार्वजनिक व्यवस्था बनी रहे।

news24jharkhandbihar
Author: news24jharkhandbihar

सबसे तेज, सबसे आगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *