बड़कागांव। अवैध कोयला खनन एवं तस्करी के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए सीआईएसएफ इकाई, एनटीपीसी-सीएमपी हजारीबाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गृह मंत्रालय के निर्देशों तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के संशोधित प्रावधानों के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए वरिष्ठ कमांडेंट श्री विवेक शर्मा के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध खनन, कोयले की तस्करी तथा उससे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।नाका जांच के दौरान पकड़ाए वाहनदिनांक 09 जुलाई 2026 की रात्रि में बड़कागांव क्षेत्र के 13 माइल चौक पर सीआईएसएफ द्वारा नाका स्थापित कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान अवैध कोयला परिवहन में संलिप्त दो ट्रकों को उनके चालकों सहित पकड़ लिया गया। दोनों ट्रकों में भारी मात्रा में अवैध रूप से खनन किया गया कोयला लदा हुआ था।इसी क्रम में दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर लगभग 450 किलोग्राम अवैध कोयला ले जा रहे दो व्यक्तियों को भी मौके पर गिरफ्तार किया गया।फरार ट्रकों का पीछा कर बरामदगीअभियान के दौरान दो अन्य ट्रक (संख्या JH 05 DS 6488 एवं JH 02 BB 7975) जांच से बचने के उद्देश्य से नाका स्थल से तेज गति से फरार हो गए। सीआईएसएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया और लगभग सात किलोमीटर आगे दोनों ट्रकों को लावारिस अवस्था में बरामद कर लिया। हालांकि चालक मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान व गिरफ्तारी के लिए बड़कागांव थाना को सूचित कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।कुल जब्ती और कार्रवाईपूरे अभियान के दौरान कुल लगभग 150.9 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। साथ ही चार ट्रक एवं दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। सभी आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है। जब्त कोयला एवं वाहन बड़कागांव थाना को सुपुर्द कर दिए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
विजय यादव (पिता – जगन्नाथ यादव),तुले श्वर कुमार मेहता (पिता – किशोरी मेहता),पुरुषोत्तम कुमार (पिता – नेटलाल महतो),कुलदीप साव (पिता – उदय साव)
जब्त वाहनट्रक: JH 02 AP 2225, OD 04 L 9311 मोटरसाइकिल:JH 09 L 4241 JH 01 AJ 5738 पीछा कर बरामद ट्रक:J H 05 DS 6488,JH 02 BB 7975 नेटवर्क की जांच जारीमामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है तथा अवैध कोयला तस्करी के पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और तस्करी के विरुद्ध इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।सीआईएसएफ ने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








