बाइक चोर गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई 23 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, एक गिरफ्तार भेजा जेल

बड़कागांव। हजारीबाग जिले में बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापोकला गांव में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री बड़े पैमाने पर की जा रही है। सूचना के आधार पर गठित छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नापोकला एवं आसपास के क्षेत्रों में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सतीश प्रजापति (30 वर्ष), पिता बुधन प्रजापति, ग्राम-नापोकला, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग बताया।

आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर विभिन्न थाना क्षेत्रों से मास्टर चाबी के माध्यम से मोटरसाइकिल चोरी करता था। उसकी निशानदेही पर उसके घर एवं घर के पीछे से कुल 23 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद वाहनों में 14 स्प्लेंडर, 3 पैशन प्रो, 2 अपाचे, 2 पल्सर एवं 2 ग्लैमर मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एक इंफिनिक्स मोबाइल भी जब्त किया गया है। इस संबंध में बड़कागांव थाना कांड संख्या 27/26, दिनांक 24.02.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों के नामों का खुलासा किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए SIT द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार, पुलिस निरीक्षक ललित कुमार, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता, डाडीकला ओपी प्रभारी सागेन मुर्मू, सहायक अवर निरीक्षक बसंत भगत एवं बड़कागांव थाना के सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा और चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

news24jharkhandbihar
Author: news24jharkhandbihar

सबसे तेज, सबसे आगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *