लापता छात्राओं के मामले में बड़ी कार्रवाई: चतरा उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के दो नाइट गार्डों को किया निलंबित
सुरक्षा और स्वच्छता पर ज़ोर डीसी ने विद्यालय की सुविधाओं का औचक निरीक्षण किया, वार्डन को व्यवस्था सुधारने का दिए निर्देश
प्रकाश कुमार
प्रतापपुर(चतरा)। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय प्रतापपुर से रात में दो बच्चियों के लापता होने के मामले को गंभीरता से लेते हुवे चतरा उपायुक्त कीर्तिश्री ने सख़्त कार्रवाई की है। उपायुक्त ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। हाल में दो छात्राओं के विद्यालय से बाहर जाने की घटना में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर, उन्होंने दोनों नाइट गार्डों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्हें एक वर्ष तक किसी भी पदस्थापन से वर्जित करने का सख्त आदेश दिया गया है। ज्ञात हो कि बीते दिनों भित्हा गांव की ये दोनों बच्चियां रात भर गायब रहीं थीं, जिन्हें अहले सुबह प्रतापपुर पुलिस ने गांव के बगल के जंगल से बरामद किया था। इस मामले को न्यूज 24 झारखण्ड बिहार ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद जिला प्रशासन ने सख़्ती दिखाई है। उपायुक्त ने केवल सुरक्षा पर ही नहीं, बल्कि विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया। उन्होंने आईसीटी रूम, विज्ञान प्रयोगशाला, जिम रूम, स्मार्ट क्लास रूम और रसोईघर का बारीकी से निरीक्षण किया और छात्राओं से सीधी बात की। उपायुक्त ने वार्डन सरिता कुमारी, सुषमा कुमारी एवं अनिता कुमारी को सुरक्षा, स्वच्छता एवं निगरानी व्यवस्था को और बेहतर करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में चल रही जलापूर्ति समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








