प्रतापपुर में मूसलाधार बारिश से घर हुआ क्षतिग्रस्त, टूटे घर में रहने को मजबूर हैं गरीब परिवार सरकार से मांगा आवास

प्रकाश कुमार

प्रतापपुर (चतरा)। प्रतापपुर प्रखंड के योगीयारा पंचायत के कुंडी गांव में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव निवासी भुनेश्वर महतो का कच्चा मकान बारिश के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। भुनेश्वर महतो और उनके परिवार के लिए यह घर अब रहने लायक नहीं रहा है। घर की दीवारें कमजोर हो गई हैं और छत कभी भी गिर सकती है। जिससे कोई बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। इस खतरनाक स्थिति के बावजूद, परिवार के लोग इसी क्षतिग्रस्त घर में रहने के लिए मजबूर हैं।

भुनेश्वर महतो ने बताया कि उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही आवास योजनाओं का लाभ पाने के लिए कई बार कोशिश की। उन्होंने प्रखंड मुख्यालय से लेकर पंचायत की मुखिया तक को अपनी स्थिति से अवगत कराया और आवास की गुहार लगाई, लेकिन सरकारी सिस्टम की लापरवाही के कारण उन्हें आज तक कोई मदद नहीं मिली है।सरकार की योजनाओं से वंचित रहने का खामियाजा यह गरीब परिवार अब भुगत रहा है। भुनेश्वर महतो का कहना है कि अगर समय रहते उन्हें आवास का लाभ मिल गया होता, तो आज उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। इस मामले ने एक बार फिर से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जरूरतमंदों तक उनकी पहुंच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भुनेश्वर महतो और उनका परिवार अब उम्मीद लगाए बैठा है कि सरकार और प्रशासन उनकी गुहार सुनेगा और उन्हें जल्द से जल्द एक सुरक्षित घर देगा।

news24jharkhandbihar
Author: news24jharkhandbihar

सबसे तेज, सबसे आगे

आज फोकस में

error: Content is protected !!