बड़कागांव संवाददाता कुलदीप कुमार
बड़कागांव। हजारीबाग प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता शनिवार को अपने परिवार के साथ बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत बरवाडीह स्थित ऐतिहासिक मेगालिथ स्थल पहुंचे। यह उनका निजी दौरा था। इस दौरान उन्होंने मेगालिथ स्थल का भ्रमण कर इसके ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं संस्कृति की महत्व की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मौके पर बड़कागांव के अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने मेगालिथ के संरक्षण एवं विकास से संबंधित कार्यों की जानकारी आयुक्त को दी। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेंद्र कुमार मंडल भी उपस्थित रहे। भ्रमण के दौरान आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर क्षेत्र की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि यहां के लोगों का मुख्य व्यवसाय क्या है तथा रोजगार के प्रमुख साधन कौन-कौन से हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र के अधिकांश लोग कृषि पर निर्भर हैं। आयुक्त ने क्षेत्र में संचालित कोयला कंपनियों की गतिविधियों की भी जानकारी ली और विकास एवं रोजगार के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस अवसर पर मेगालिथ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि बरवाडीह का मेगालिथ स्थल प्राचीन सभ्यता एवं पूर्वजों की संस्कृति की विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यहां स्थापित विशाल पत्थर मानव सभ्यता के प्रारंभिक काल की सामाजिक एवं धार्मिक परंपराओं के साक्ष्य माने जाते हैं। यह स्थल इतिहास, पुरातत्व एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि इसका समुचित संरक्षण एवं विकास किया जाए तो यह क्षेत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार एवं आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा। आयुक्त ने मेगालिथ जैसी ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं उनके महत्व को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। मौके पर बीपीओ अरुण कुमार, हीरो महतो, कर्मचारी मनीष पाठक, अनंत कुमार कुशवाहा, अमीन दुलारचंद महतो, रोजगार सेवक सुबोध सिंह, सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








