1500 की डीएपी 2400 में बेचे जाने से किसानों में भारी आक्रोश, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
बड़कागांव संवाददाता कुलदीप कुमार
भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के हजारीबाग जिला कार्यसमिति सदस्य अशोक साहू ने क्षेत्र में डीएपी खाद की हो रही कालाबाजारी पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए सरकार और स्थानीय प्रशासन से इस पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। किसानों पर दोहरी मार को लेकर अशोक साहू ने कहा कि वर्तमान में खाद विक्रेता किसानों का शोषण कर रहे हैं।
1500 रुपये की कीमत वाली डीएपी खाद की बोरी किसानों को 2500 रुपये तक में मनमाने दामों पर बेची जा रही है।
एक तरफ कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, तो दूसरी तरफ बोरी का वजन 50 किलो से घटाकर 45 किलो कर दिया गया है।
खाद के महंगे होने और कालाबजारी के कारण किसानों की खेती में लागत मूल्य काफी बढ़ गया है, जिससे किसान लाचार और विवश होकर खेती करने को मजबूर हैं।
अशोक साहू ने बताया कि खाद की इस किल्लत और कालाबाजारी से क्षेत्र के किसानों में हाहाकार मचा हुआ है और उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है।
किसान हमारे अन्नदाता हैं और इस प्रकार उनका शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार और संबंधित विभाग को इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए खाद की कालाबाजारी करने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसानों को उचित दर पर खाद मिल सके और उन्हें राहत पहुंचे।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








