मुस्लिम समुदाय के लोगों ने चंदा कर श्रमदान से पबरा से पेलावल तक पांच किमी सड़क की कर दी मरम्मत
हजारीबाग।जब रामनवमी की झांकियों की राह के लिए किसी ने साथ नहीं दिया, तो मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ा दिया. दरअसल पबरा में पिछले 70 साल से झांकियां निकाली जा रही है. पेलावल से पबरा तक करीब पांच किमी मार्ग की हालत काफी खराब थी. हर वर्ष जिला प्रशासन से सड़क मरम्मत के लिए सहयोग मिलता था. लेकिन पिछले दो वर्षों से फंड के अभाव में यह मार्ग दुरुस्त नहीं किया जा रहा था. इस वर्ष भी पबरा से रामनवमी का जुलूस शहर आएगा. लेकिन खराब सड़क की वजह से लोग चिंतित थे. सड़क निर्माण में लगे ग्रामीण मिन्हाजुल इस्लाम, मिन्हाजुद्दीन, रंजीत रजक, मुखिया सोनी कुमारी, सुरेश महतो, जीतेंद्र मेहता, शिबू मेहता, देवगन रजत, शोभाराम, मनोज राम आदि ने बताया कि वर्ष 1932 से पबरा में झांकी निकाली जा रही है. कई वर्षों से झांकी शहर जाती है. इसमें सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल होते हैं. सड़क खराब होने की वजह से खुद ही चंदा इकट्ठा कर श्रमदान से सड़क बना रहे हैं.
डीसी को दिया गया था आवेदन
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में डीसी को आवेदन भी दिया गया था. लेकिन जब जिला प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की सहयोग राशि उपलब्ध नहीं कराई गई, तो खुद ही चंदा कर श्रमदान से सड़क बना दी.
यह त्योहार सिर्फ हिन्दुओं का नहीं
ग्रामीण मिन्हाजुल इस्लाम और मिन्हाजुद्दीन कहते हैं कि यह त्योहार सिर्फ हिंदुओं के लिए ही नहीं है, बल्कि हम मुस्लिम परिवार के लिए भी है. इस नेक कार्य के लिए हम सभी ग्रामीण एकजुट होकर सड़क निर्माण कर रहे हैं, ताकि झांकी को शहर ले जाने में कोई परेशानी नहीं हो.
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे





