बीजेपी ने 11 लाख राशन कार्ड को डिलीट किया था, हमने 20 लाख राशन कार्ड बनाकर बांटा- हेमंत सोरेन


कभी विधायकों की खरीद फरोख्त की तो कभी ईडी, सीबीआई का भय दिखाकर काम नहीं करने देते

बेरमो। डुमरी उपचुनाव में यूपीए गठबंधन ना सिर्फ जीतेगा, बल्कि अन्य प्रत्याशियों का जमानत भी जब्त होगा। आज आपसे हम विधायक बनाने को वोट मांगने नहीं आए हैं बल्कि इस क्षेत्र में मंत्री के लिए वोट मांगने आए हैं। झामुमो मान सम्मान वा स्वाभिमान के साथ राजनीति करती है।और इससे कोई समझौता हम लोगों ने नहीं किया है। हम झारखंड के आदिवासी मूलवासी दलित, पिछड़ा के हक की लड़ाई लड़ते हैं, इस लड़ाई को हमने कभी नहीं रोका। यह झारखंड राज्य हमें मांगने से नहीं बल्कि 40- 50 वर्षों के संघर्षों का परिणाम है। शिबू सोरेन ने स्कूल की पढ़ाई छोड़ कर अपना बचपन, जवानी और बुढ़ापा इस राज्य के लिए दे दिया। इनका व्यक्तित्व बहुत बड़ा है जो वटवृक्ष की तरह साढ़े तीन करोड़ जनता को छांव देने का काम कर रहा है। उक्त बाते झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने डुमरी विस क्षेत्र अंतर्गत चंद्रपुरा प्रखंड में चुनाव सभा में कहीं. श्री सोेरेन शनिवार को डुमरी विस क्षेत्र अंतर्गत चंद्रपुरा प्रखंड के तेलो पश्चिमी पंचायत स्थित तेली बांध कोचा टांड मैदान में गठबंधन की ओर से झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि जब से राज्य में हमारी सरकार बनी है,उसी दिन से विपक्ष षडयंत्र रचकर सरकार गिराने में लगी है। कभी विधायकों की खरीद फरोख्त की तो कभी ईडी, सीबीआई का भय दिखाकर काम नहीं करने देते हैं। हमने अपने कार्यकाल में कोरोना, सुखाड़ झेला, विभिन्न परस्थितियों में हमारी सरकार विकास का काम करती रही और लगातार कर रही है। खासकर डुमरी के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री टाइगर स्व जगरनाथ महतो ने काफी काम किया। यही कारण है कि उन्हें यहां की जनता ने टाइगर की उपाधि दी। मंत्री बनने के बाद उनका जोश देखकर कभी कभी हम घबरा जाते थे। हम उनसे कहा करते थे कि सरकारी घोड़ा है जो कभी कभी सवारी को भी पटखनी लगाता है। लेकिन जगरनाथ जी कभी भी इन बातों से नहीं घबराए और विकास के काम करते रहे. उनके जोश को भी हमने कभी कम नहीं होने दिया। 1932 जब पारित हुआ तो स्व महतो ने शिबू सोरेन को 1932 लिखे चादर से लपेट दिया था।

कहा कि इस राज्य के हित में हमने 1932 का कानून लाया लेकिन केंद्र की डबल इंजन की सरकार इसमें राजनीतिक अडंगा लगा रही है। हमने ओबीसी का आरक्षण 27 फीसदी किया, उस पर भी अडंगा लगाया जा रहा है। इसमें ऐसे ही लोग शामिल हैं जिन्होंने 1985 पास किया और ओबीसी का आरक्षण 27 से घटाकर 14 फीसदी कर दिया था।
कहा कि 2024 के चुनाव में पुनः हमारी सरकार बनेगी और 1932 का कानून भी पास होगा. आज हमारी सरकार राज्य के 90 फीसदी आदिवासी मूलवासी नौजवानों को नौकरी दे रही हैं, विकास की कई योजनाएं ला रहे हैं. जो विपक्ष को पच नहीं रहा है। 2019 के बाद जितने भी उपचुनाव हुए, सभी में हमने विपक्ष को पटखनी देने का काम किया। रामगढ़ में ममता देवी को और गोमिया में योगेंद्र महतो को षड्यंत्र के सहारे विधाइका समाप्त कराया गया।

आगे कहा कि हमारी सरकार ने पहली बार सरकार आपके द्वार के माध्यम से गांव में तंबू लगाकर अधिकारियों को आपके पास भेजा। पारा शिक्षक की समस्याओं का हमने समाधान किया। जो पारा शिक्षक 12 महीनों में 11 महीना धरना प्रदर्शन करते थे अब वो 11 महीने स्कूल में रहते हैं। हमने आंगनवाड़ी सेविका, सहायिका और रसोइयों की समस्याओं का समाधान किया। आज जो लोग चूल्हा प्रमुख बनाते फिर रहे हैं, उन्हें महंगाई नजर नहीं आ रही. जबकि, राशन रहेगा तो ही चूल्हा जलेगा। नहीं तो इस चूल्हे में आपको जलना पड़ जायेगा।
केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश के 80 प्रतिशत लोग आज सरकार के राशन कार्ड पर जिंदा हैं। इस सरकार ने नमक पर भी टैक्स लगा दिया है। कैग की रिर्पोट में खुलासा हुवा है कि आयुष्मान कार्ड के नाम लाखों-करोडों का घोटाला हुआ है। इनका काम हिंदू मुस्लिम करना है, रोजी रोजगार से कोई वास्ता नहीं है। ये लोग लोगों के जेहन में जहर भरते हैं जो आपकी मानसिक शक्ति को क्षीण कर देगा। यह सरकार बाबा साहब के संविधान को हटाकर हिटलर का संविधान लाना चाहती है। आने वाले समय में जो भी लोग अधिकार मांगेंगे उन्हें ये लोग जेल में डाल देंगें। इस सरकार ने 11 लाख राशन कार्ड को डिलीट कर दिया था, हमने 20 लाख राशन कार्ड बनाकर बांटने का काम किया। आज सरकारी संस्थानों में यह सरकार बेचने का काम कर रही है।

कहा कि 2024 में पुनः हमारी सरकार बनेगी। इस विधानसभा क्षेत्र में जगरनाथ महतो के देहांत के बाद अब शेरनी खुद बाहर आ गई है, इनके शावक थोड़े छोटे हैं लेकिन जल्द ही जगरनाथ महतो के दूसरे रूप में ये खड़ा होंगें। हमने बेबी देवी को मंत्री बनाकर स्व जगरनाथ महतो को श्रद्धांजलि दे दी है, अब आपको यह श्रद्धांजलि देनी है.जगरनाथ महतो को आपने पिछले चुनाव में 70 हजार वोट दिया था इस चुनाव में बेबी देवी को 1 लाख 70 हजार वोट दें ताकि जीत का इतिहास बने।
सभा को इससे पूर्व प्रत्याशी बेबी देवी, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बादल पत्रलेख, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, बेरमो विधायक कुमार जय मंगल सिंह, गोमिया के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद, झामुमो नेता अखिलेश महतो उर्फ राजू महतो सहित कई लोगों ने संबोधित किया।

news24jharkhandbihar
Author: news24jharkhandbihar

सबसे तेज, सबसे आगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *