खेत में धान रोपने की तैयारी के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
बड़कागांव संवाददाता कुलदीप कुमार
बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत सिकरी (जमनीडीह) गांव में बुधवार की शाम लगभग 03:30 बजे आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से 45 वर्षीय डॉ. झमन महतो की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब चार बजे हल्की बारिश के बीच डॉ. झमन महतो अपने खेत में धान की खेती के लिए भूमि तैयार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कागांव ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक शव के पोस्टमार्टम की तैयारी चल रही थी। डॉ. झमन महतो अपने पीछे पत्नी एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों ने लोगों से बारिश और वज्रपात के दौरान खुले खेतों एवं पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा एवं हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की है।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








