बड़कागांव संवाददाता कुलदीप कुमार
रांची व सिमडेगा पुलिस द्वारा पत्रकार अभिषेक भारती के रांची स्थित डिजिटल मीडिया कार्यालय में छापामारी एवं पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने के विरुद्ध झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले बड़कागांव पत्रकारों ने मुख्य सचिव के नाम प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ को ज्ञापन सौंपा । पत्रकारों ने झारखंड सरकार से न्याय एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि सिमडेगा एवं रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से देश भर के पत्रकारों में रोष है। पत्रकार अभिषेक भारती प्रकरण में पूरे मामले को लेकर जिस प्रकार उनके कार्यालय को निशाना बनाया गया उनके कार्यालय से सभी सामान ज़ब्त कर लिए गए यह पूरी तरह से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है। पूरे मामले में जिस प्रकार पत्रकार अभिषेक भारती के विरुद्ध सिमडेगा पुलिस द्वारा मामला दर्ज किया गया और आनन फानन में एक अपराधी की भांति उनके आवास एवं कार्यालय पर छापेमारी की गई यह निंदनीय है। संगठन किसी आरोपी को तब तक दोषी नहीं मानता ,जब तक उसे न्यायालय द्वारा दोषी करार नहीं दे दिया जाता। संगठन मीडिया ट्रायल का कभी समर्थन नहीं करता है। वहीं मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला को कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिडिया की स्वतंत्रता और मीडिया के कोड ऑफ कंडक्ट का अनुपालन दोनों ही अनिवार्य है। मीडिया कर्मियों के विरुद्ध अपराधियों की भांति आचरण दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ पीड़ादायक कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग करता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रखंड अध्यक्ष संजय सागर ,सचिव नरेश कुमार , दीपक सिन्हा,पिंटू कुशवाहा, सदानंद शर्मा, आनंद राज, अमित मालाकार, विकास रंजन, रियासत हसन, पंकज ठाकुर, अनुज कुमार, वीरेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे