टीएसपीसी के सक्रिय सदस्य होने का आरोप, पुलिस ने दो मोबाइल, सिम कार्ड और दो थानों की मुहर की बरामद
केरेडारी (हजारीबाग)। हजारीबाग जिला के केरेडारी में संचालित कोल परियोजनाओं में काम कर रहे कोयला कारोबारियों से लेवी वसूली करने वाले अपराधियों के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। केरेडारी के पगार ओपी पुलिस ने टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) का सक्रिय सदस्य रोहित साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ‘शशिकांत जी’ के नाम से कोयला कारोबारियों को फोन कर लेवी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से कोयला कारोबारियों को लगातार फोन कर लेवी की मांग की जा रही थी। फोन करने वाला खुद को ‘शशिकांत जी’ बताकर कारोबारियों को धमका रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर 10 नवंबर को चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के लेम्बुआ गांव में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने रोहित साहू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से मोटोरोला कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, एयरटेल कंपनी का सिम कार्ड तथा टंडवा और केरेडारी थाना की एक-एक मुहर बरामद की है। पूरी कार्रवाई एसडीपीओ बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में केरेडारी थाना पुलिस, पगार ओपी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी। इस गिरफ्तारी के बाद कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय लेवी वसूली नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कारोबारियों को धमकी देने की इस साजिश में आरोपी के साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। बरामद मोबाइल और सिम कार्ड से भी अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे