प्रकाश कुमार प्रतापपुर / चतरा
प्रतापपुर (चतरा)। प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित ब्लॉक परिसर इन दिनों बदहाली और लापरवाही की तस्वीर पेश कर रहा है। परिसर के अंदर पुराने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के आवास के बगल में कचरे का अंबार लगा हुआ है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस कचरे में बड़ी संख्या में बीयर और शराब की खाली बोतलें व सीसी बिखरी पड़ी हैं। सरकारी कार्यालय परिसर में इस तरह शराब और बीयर की बोतलों का ढेर मिलना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर ब्लॉक परिसर में इतनी बड़ी मात्रा में शराब और बीयर की बोतलें कैसे पहुंच गईं? क्या रात के अंधेरे में यहां शराबखोरी होती है, या फिर ब्लॉक परिसर को ही कूड़ाघर बना दिया गया है? परिसर के पुराने भवन के आसपास अनगिनत बोतलें और कचरा फैला हुआ है, जिससे पूरे इलाके की तस्वीर ही बदहाल नजर आती है। जहां से पूरे प्रखंड की प्रशासनिक व्यवस्था संचालित होती है, वहीं अगर इस तरह गंदगी और अव्यवस्था का आलम हो, तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ब्लॉक परिसर में सफाई कर्मी तैनात हैं, तो फिर नियमित सफाई क्यों नहीं हो रही है। लंबे समय से कचरा जमा रहने से न सिर्फ परिसर की छवि खराब हो रही है, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था की भी पोल खुल रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ब्लॉक परिसर की तत्काल सफाई कराई जाए और यह भी जांच की जाए कि आखिर सरकारी परिसर में इतनी बड़ी मात्रा में शराब और बीयर की बोतलें कैसे जमा हुईं। यदि इसमें किसी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो उस पर सख्त कार्रवाई भी की जानी चाहिए।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








