बड़कागांव संवाददाता कुलदीप कुमार
बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों के लगातार उत्पात से प्रभावित ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। हाथियों द्वारा ग्रामीणों की फसलों, मकानों एवं अन्य संपत्तियों को पहुंचाए गए नुकसान का वन विभाग की टीम ने स्थलीय निरीक्षण कर आकलन किया है। अब प्रभावित ग्रामीणों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में जंगली हाथियों द्वारा लगातार किए जा रहे नुकसान को गंभीरता से लेते हुए बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने हजारीबाग पश्चिमी वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल को जल्द से जल्द क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया था। विधायक के निर्देश के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का मूल्यांकन किया। वन विभाग द्वारा आकलन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि हाथियों के उत्पात से प्रभावित किसानों एवं अन्य ग्रामीण परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा मिल सके।
इस संबंध में विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना और संकट की घड़ी में उन्हें राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता है। जंगली हाथियों के कारण जिन परिवारों की फसलों, मकानों एवं संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें उनका उचित हक मिले, इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान और प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के लिए वे सदैव तत्पर हैं।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे