बड़कागांव में आसमान से गिरा मौसम मापक यंत्र, पुलिस ने किया जब्त

बड़कागांव। बड़कागांव प्रखंड के सिकरी ओपी क्षेत्र अंतर्गत सिकरी गांव में बुधवार की रात करीब आठ बजे आसमान से एक मौसम मापक उपकरण गिरने से इलाके में हलचल मच गई। सहदेव राम के घर के पास यह उपकरण एक फटे हुए बैलून के साथ मिला। अचानक आसमान से गिरे इस उपकरण को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सिकरी ओपी प्रभारी रामकुमार राम को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उपकरण, बैलून सहित वहां मिले अन्य सामान को अपने कब्जे में ले लिया। उपकरण पर लगे लेबल के अनुसार यह दक्षिण कोरिया निर्मित कंपनी WEATHEX द्वारा निर्मित WxR-301D रेडियोसोंडे है। इस पर ‘Made in Korea’ और जनवरी 2026 की तारीख अंकित है।

क्या है रेडियोसोंडे और कैसे करता है काम

रेडियोसोंडे एक वैज्ञानिक उपकरण है, जिसका इस्तेमाल वायुमंडल के तापमान, नमी, वायुदाब और हवा से संबंधित आंकड़े जुटाने के लिए किया जाता है। इसे सामान्यतः एक बड़े मौसम संबंधी गुब्बारे के साथ वायुमंडल में छोड़ा जाता है। इसके माध्यम से एकत्र किए गए आंकड़े मौसम के पूर्वानुमान और वैज्ञानिक अध्ययन में उपयोग किए जाते हैं।

मौसम विभाग ने बताया अपना उपकरण:

उपकरण मिलने की जानकारी के बाद पुलिस अधीक्षक ने सिकरी ओपी प्रभारी रामकुमार राम से दूरभाष पर मामले की जानकारी ली और उन्हें मौसम वैज्ञानिकों से संपर्क करने का निर्देश दिया। इसके बाद थाना प्रभारी रामकुमार राम ने मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के एचडी अभिषेक आनंद से फोन पर संपर्क किया। अभिषेक आनंद ने बताया कि यह मौसम विभाग का ही उपकरण है, जिसका इस्तेमाल मौसम संबंधी जानकारियां एकत्र करने के लिए किया जाता है।

उन्होंने बताया कि यह उपकरण लगभग 13, किलो मीटर की ऊंचाई पर काम करता है और करीब 500 किलोमीटर के रेडियस में मौसम संबंधी आंकड़े एकत्र कर विभाग को भेजता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह सिंगल यूज उपकरण है, जिसका इस्तेमाल केवल एक बार किया जाता है। मौसम विभाग की ओर से जानकारी मिलने के बाद उपकरण को लेकर ग्रामीणों के बीच बनी रहस्यमय स्थिति स्पष्ट हो गई। हालांकि अचानक आसमान से इस तरह के वैज्ञानिक उपकरण को गिरते देख ग्रामीणों में काफी कौतूहल रहा।

news24jharkhandbihar
Author: news24jharkhandbihar

सबसे तेज, सबसे आगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!