नहीं हो रहा नो एंट्री का पालन, घनी आबादी क्षेत्र से बड़ी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद करने की उठी मांग
बड़कागांव संवाददाता कुलदीप कुमार
बड़कागांव: बड़कागांव के व्यस्त दैनिक बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना होते-होते टल गई। बाजार के बीचों-बीच एक भारी हाइवा JH02J 3265 ने एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि बाइक सवार समय रहते दूर हट गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई, हालांकि बाइक वाहन के अगले हिस्से के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना से नाराज स्थानीय ग्रामीणों और व्यवसायियों ने सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सड़क जाम की सूचना पाकर पूर्व विधायक लोकनाथ महतो एवं मुखिया संघ अध्यक्ष रंजीत कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि दैनिक बाजार व घनी आबादी वाले इलाकों से भारी व अनियंत्रित वाहनों हाइवा आदि के परिचालन पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए। सड़क जाम के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराने तथा यातायात बहाल कराने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि व्यस्त बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश से हमेशा जान-माल का खतरा बना रहता है जिस पर स्थायी रोक लगना अत्यंत आवश्यक है।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे
