गुमला। गुमला जिला के चैनपुर प्रखंड में मनरेगा के दो वेंडर योजना में अपना वर्चस्व को लेकर दोनो गुटों में हिंसक झडप हुई। दोनो गुटो ने खुब तलवार, भुजाली व डंडा से हमला किए। इस हमले में कलिंदर खान एवं नादिमुल्ला खान बुरी तरह से घायल हैं। दोनो की स्थिति नाजुक है। दोनों को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस इस घटना में सात हमलावरों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार डहूडड़गांव में मंगलवार की रात अजमल खान उर्फ मंटू व शकील खान के बीच पूर्व से ही चल रहे विवाद को लेकर हुई वर्चस्व की लड़ाई हिंसक झड़प में बदल गयी। दोनों पक्षों के 20 से ज्यादा लोगों के बीच जमकर लाठी-डंडे और तलवारे चली। पिस्टल भी लहराया गया। इस घटना में छह से अधिक लोग घायल हैं। जिसमें कलिंदर खान एवं नादिमुल्ला खान की गंभीर स्थिति को देखकर गुमला रेफर किया गया। जहां से दोनों घायलों को रांची रेफर कर दिया गया। दोनों की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई। यह मामला दो मनरेगा वेंडर अजमल खान व शकील खान के बीच का है। पुलिस ने शकील खान के घर से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है। इन दोनों का गुट मनरेगा योजना में अपने अपने इलाके में वर्चस्व कायम करना चाह रहे थे। इस मामले को लेकर पुलिस अभी तक सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने घटना के प्राथमिक अभियुक्त शकील खान, सद्दाम खान, फरफीन खान को भागने के क्रम में कुरुंद मोड़ से गिरफ्तार किया। वहीं छापेमारी में अभियुक्त शरीफ खान एवं इश्तियाक खान को चैनपुर हुकड़ा पहाड़ से गिरफ्तार किया गया। जबकि अभियुक्त सज्जाद खान को लाइफलाइन अस्पताल से गिरफ्तार किया गया. वहीं फरीद खान उर्फ मंगरा को भी भागने के क्रम में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बाइक, चार तलवार, एक खुखरी, एक चाकू, दो डंडा जब्त किया है। सर्किल इंस्पेक्टर बैजू उरांव ने कहा कि दो आरोपी फरार हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस हिंसक झड़प का मूल कारण मनरेगा के क्रियान्वयन में वर्चस्व को लेकर हुई है. छापेमारी टीम में सर्किल इंस्पेक्टर बैजू उरांव, चैनपुर थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, डुमरी थाना विवेक कुमार पांडे, जानी थाना प्रभारी मनीष कुमार, राजेश कुमार, आलोक कुमार, मुकेश कुमार, प्रियंका कुमारी, मदन शर्मा एवं थाना के सशस्त्र बल थे।
रास्ते में रोककर हमला किया गया
हमले में घायल वेंडर मुजम्मिल खान व उस्मान खान ने बताया कि हम लोग मनरेगा में कार्य करते हैं. मंगलवार को लेबर पेमेंट करने के लिए कतारीकोना गांव गये हुए थे. रात को लौटने के दौरान जमगई गांव में एक दावत में शरीक हुए. जिसके बाद हम वापस चैनपुर लौट रहे थे. इसी क्रम में पहले से घात लगाये बैठे शकील खान, सद्दाम खान सहित उसके लगभग 10 सहयोगी डहूडड़गांव जमगई मोड़ के पास रोककर गाली गलौज करने लगे. कहने लगे आज हाथ लगे हो, आज तुम लोग को मार डालेंगे. उस समय सभी हमलावर हथियार से लैस थे. शकील खान अपने हाथ में पिस्टल लिया हुआ था. बाकी लोग तलवार, बलुवा, चापड़, भुजाली सहित कई घातक हथियार पकड़े हुए थे. शकील खान अपनी टीम के साथ दबाव बनाकर हमसे मनरेगा का जॉब कार्ड मांगने लगा. जब जॉब कार्ड देने से इंकार किया तो हमला कर दिया. जिससे दोनों वेंडर घायल हो गये.
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








