जेबीकेएसएस बनी पार्टी, लड़ेगी चुनाव, जयराम महतो चुने गये अध्यक्ष
झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति (जेबीकेएसएस) लड़ेगी चुनाव
धनबाद। धनबाद के बलियापुर हवाई पट्टी मैदान में 18 जून को जेबीकेएसएस के राज्य स्तरीय महा अधिवेशन का आयोजन किया गया। अधिवेशन की अध्यक्षता रांची के दीपक महतो ने की। जबकि संचालन दिनेश साहू वा प्रवेश महतो ने किया। महा अधिवेशन में 2024 के लोकसभा व विधानसभा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए सर्वसम्मति से जेबीकेएसएस को पार्टी बनाया गया। पार्टी का चिह्न टाइगर रखा गया है। जिसके अध्यक्ष जयराम महतो को बनाया गया है।
महाअधिवेशन को संबोधित करते हुए जयराम महतो ने कहा कि शहीदों के अरमानों का झारखंड नहीं बन पाया है। झारखंड के लिए झारखंडियों ने कुर्बानियां दी और बाहर के लोग यहां राज कर रहे हैं। जिसको अपना समझ कर राजकाज सौंपा, पूरे झारखंड की जनता को निराश कर रहे हैं। संप्रदायवाद, पूंजीवाद के रास्ते झारखंड की जनता को बरगलाया जा रहा है। जब तक 1932 का खतियान लागू नहीं हो जाता, तब तक जेबीकेएसएस चुपचाप नहीं बैठेगा। हमारी जमीन गयी, नियोजन दूसरे राज्य के लोगों का हो रहा है। यहां के सांसद गांव के लोगों के वोट से चुने गए हैं और हक दिलाने के समय चुपचाप रहते हैं, यह होने नहीं देंगे। जनता अपने हक अधिकार के लिए आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड में लोगों की जमीन को औने-पौने भाव में लिया गया है। लोगों को बेवकूफ बनाया गया है बहुत से ऐसे लोग हैं जो अपनी जमीन बेचकर स्टेशनों व बाजारों में भीख मांगने को मजबूर हैं। कहा कि जल, जंगल, जमीन को बचाने की जरूरत है। किडनी बेच देना मगर अपने पूर्वजों की जमीन को कभी नहीं बेचना।

मोतीलाल महतो ने कहा कि बाहरी लोग झारखंड की भाषा-संस्कृति को चोट पहुंचाने का काम कर रही है। भ्रष्ट्राचार मुक्त झारखंड के के लिए डेढ़ साल से आंदोलन जारी है जो पूरे झारखंड में फैल गया है। उलगुलान शुरू हो गया है। कांग्रेस, झामुमो, भाजपा, आजसू इन सभी ने यहां की भाषा-संस्कृति को चोट पहुंचाने का काम किया है। हमें लड़ना है बिनोद बाबू के नारों को साकार करना है।

सभा को देवेंद्र नाथ महतो, मनोज यादव, राजेश, महावीर स्वामी, मनोज यादव, सुनील महतो, सृजन, हमरू दा, देवी महतो, पूजा कुमारी, उषा महतो, संजय मेहता, सनी तिग्गा, दीपक कुमार, ख्वाजाद्दीन अंसारी, रेवती महतो, देवेंद्र नाथ महतो, सावित्री कर्मकार, बेबी महतो ने भी संबोधित कर लोगो में जोश भरा। भीषण गर्मी के बावजूद राज्य स्तरीय महाधिवेशन में ऐतिहासिक भिड़ जमा उमड़ा था। पंडाल के अलावे पंडाल के बाहर भी लोगो का हुजूम उमड़ा था। लोगों के लिए मेडिकल सुविधा व चना-गुड़ की व्यवस्था की गयी थी।

मौके पर बलियापुर प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष आशीष महतो, उपाध्यक्ष कुश महतो, कमलेश महतो, धनंजय मिर्धा, चंद्रमोहन, रंजीत, आत्माराम, प्रकाश, राजू, देवदास धीवर, दिनेश, राकेश, मथुर, संजय, संदीप, बिरजू, मुक्तेश्वर, संजय कुमार महतो, प्रदीप महतो आदि सक्रिय रहे।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








