हजारीबाग। हजारीबाग जिला भर में बालू खनन के लिए 28 बालू घाट को चिन्हित किया गया। पांच वर्ष बाद बालू घाटों को चिन्हित कर कागजी प्रक्रिया पूर्ण कर लिया गया है। 16 अक्टूबर 2023 से सभी घाटो पर आम लोगों को आसानी से बालू मिलेगा। वर्तमान में एनजीटी लागू होने के कारण 10 जून से 15 अक्टूबर तक सभी नदी एवं जलस्रोत से बालू के उठाव पर रोक है।
जिला भर में 28 बालू घाटों के लिए बना है 11 कलस्टर
हजारीबाग जिले के 16 प्रखंडो में से तीन प्रखंडों में बालू घाट का मंजूरी मिला है। सबसे अधिक 16 बालू घाट बड़कागांव में बना है। बरही में 10 एवं बरकट्ठा में दो बालू घाट बनाया गया है। सभी 28 बालू घाटों को 11 क्लस्टर में बांटा गया है। 500 मीटर दूरी के सभी घाट को मिलकर एक क्लस्टर बनाया गया। बड़कागांव प्रखंड में बड़कागांव रिवर (नदी) से बालू निकालने के लिए लांगातू, सिकरी, पंडरिया व सिरमा को घाट बनाया गया है। बदमाही रिवर से बालू निकालने के लिए बादम, रतपूरा, धबांडीह, कुतूलिया, गोसांई बलिया, हरली व चौपदार बलिया को घाट बनाया गया है। इसके अलावा बड़कागांव के बोकारो रिवर से बालू निकालने के लिए पंडरिया, सिरमा, कांडतरी, सांढ़ एवं सोनपूरा को घाट बनाया गया है। बरही प्रखंड में बराकर रिवर से बालू निकालने के लिए बेला, बहेराबाद एवं बैरिसल को घाट बनाया गया है। बरकट्ठा प्रखंड के बरसोती रिवर बालू निकालने के लिए मासीपीढ़ी एवं बेलकप्पी को बालू घाट बनाया गया है।
195 बालू घाटों में 28 बालू घाट को किया गया चिन्हित
जिला खनन पदाधिकारी, हजारीबाग अजीत कुमार ने कहा की वर्ष 2019 के बाद बालू घाट बंद था। जिला सर्वे रिपोर्ट में 195 बालू घाट का रिपोर्ट स्टेट एनवायरमेंट इंपैक्ट अथॉरिटी को भेजा गया था। इसमें सभी मानक पूरा करने वाले 28 बालू घाट को चिन्हित किया गया है। रिपोर्ट जिला को प्राप्त हो गया है। शीघ्र ही जेएसएमडीसी (झारखंड स्टेट मिनरल डेवलपमेंट अथॉरिटी) की ओर से रजिस्टर्ड डीएमओ (मिनरल डेवलपमेंट अथॉरिटी) को बालू उत्खनन कर स्टोरेज (जमा) करने के लिए उन्हें काम मिलेगा। जेएसएमडीसी के माध्यम से डीएमओ का चयन होगा। अभी बालू उत्खनन एवं उठाव पर एनजीटी का रोक है। 15 अक्टूबर को यह रोक समाप्त हो जायेगा। 16 अक्टूबर से सभी घाटों पर बालू मिलेगा। सरकार की ओर से निर्धारित मूल्य पर आसानी से लोग बालू खरीद सकेंगे। घाट से बालू ले जाने का ट्रांसपोर्टिंग खर्च उपभोक्ता वहन करेगा।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








