महुआडांड़। लातेहार सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार के निर्देशानुसार महुआडांड़ प्रखंड कार्यालय सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी नीत निखिल सुरीन, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेन डांग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ अमित खलखो के नेतृत्व में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान 10 अगस्त से 25 अगस्त तक चलाए जाने की जानकारी देते हुए, कई दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी नित निखिल सूरीन ने बताया कि 10 अगस्त से 25 अगस्त तक सभी बूथों में दवा खिलाया जाएगा। इसके बाद भी बचे हुए लोगों को घर-घर जाकर फाइलेरिया की दवा खिलाई जाएगी। जो भी दवा खा चुके होंगे वैसे व्यक्तियों के नाखून पर मार्किंग की जाएगी। डॉक्टर अमित खलखो ने आंगनबाड़ी सेविकाओं को निर्देशित करते हुए वैसे व्यक्ति जो गंभीर रोगों से ग्रस्त हैं एवं गर्भवती महिलाओं को फाइलेरिया की गोली नहीं खिलाने का निर्देश दिया। साथ ही आंगनबाड़ी सेविका जिन घरों का भ्रमण करेंगे उसे चिन्हित कर दीवार लेखन करने का कार्य भी करने का निर्देश दिया। दवा किसी भी कारणवश लोगों के हाथों में देकर नहीं आने का निर्देश दिया। वही दवा खिलाने के बाद यदि किसी तरह की समस्या आती है तो तुरंत ही मेडिकल टीम को इसकी सूचना देने को कहा गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेन डांग ने जनप्रतिनिधियों से विशेषकर सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जहां लोग इन सब चीजों से बचना चाहते हैं, उन्हें जागरूक करते हुए दवा लेने हेतु प्रेरित करने की अपील की। बैठक में मुख्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी नीत निखिल सुरीन, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेन डांग, स्वास्थ्य प्रभारी डॉ अमित खलखो, प्रखंड उपप्रमुख अभय मिंज, सुमन खलखो प्रखंड के सभी पंचायत के पंचायत सेवक,मुखिया उपस्थित थे।
Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे








