बड़कागांव। सिकरी ओपी क्षेत्र के सतीचुरा गांव की संजू कुमारी ने अपने पति कमलेश भुइयां की संदिग्ध मौत के मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पति की हत्या एक साजिश के तहत की गई है।
अपनी शिकायत में, संजू कुमारी ने बताया कि उनके पति, कमलेश भुइयां, जो त्रिवेणी सैनिक कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। 3 मार्च को अपने दोस्त विवेक भुइयां के साथ मोटरसाइकिल पर घर से निकले थे। इसके बाद, कमलेश घर नहीं लौटे और उनका फोन भी बंद हो गया।
अगले दिन, 4 मार्च को संजू को हजारीबाग सदर अस्पताल से सूचना मिली कि कमलेश गंभीर हालत में भर्ती हैं। अस्पताल पहुंचने पर, उन्हें पता चला कि विवेक ने कमलेश को भर्ती कराया था और फिर भाग गया था। कमलेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए, उन्हें रांची रिम्स रेफर किया गया, जहाँ कुछ घंटों बाद उनकी मृत्यु हो गई।
संजू का दावा है कि उनके पति की गोली मारकर हत्या की गई है। उन्होंने विवेक भुइयां और एक महिला पर साजिश का आरोप लगाया है। जिनसे कमलेश की अक्सर फोन पर बात होती थी। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में सिकरी ओपी प्रभारी सुनील सिंह से संपर्क नहीं हो सका। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Author: news24jharkhandbihar
सबसे तेज, सबसे आगे